देहरादून। वक्फ संशोधन अधिनियम लागू होने के बाद उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। बोर्ड के इतिहास में पहली बार एक महिला को मुतवल्ली (प्रबंधक) के पद पर नियुक्त किया गया है। समीना सिद्दीकी को देहरादून स्थित वक्फ संचालित ‘मुस्लिम जूनियर हाई स्कूल, नया नगर’ के प्रबंधन की कमान सौंपी गई है।
एक वर्ष के लिए मिली जिम्मेदारी
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के सचिव गिरधारी सिंह रावत की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, बोर्ड के विभिन्न सदस्यों की संस्तुति और हाल ही में संपन्न हुई बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर यह कदम उठाया गया है। समीना सिद्दीकी को मुस्लिम जूनियर हाई स्कूल के नौ सदस्यीय बोर्ड प्रबंधन का अध्यक्ष (मुतवल्ली) नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें फिलहाल एक वर्ष के लिए सौंपी गई है।
महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम
वक्फ बोर्ड के इस फैसले को प्रशासनिक और सामाजिक हल्कों में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे न केवल वक्फ संस्थाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि यह कदम मुस्लिम समाज में महिलाओं के नेतृत्व और सशक्तीकरण को एक नई दिशा देने वाला साबित होगा।
बोर्ड से जुड़े सूत्रों का कहना है कि वक्फ संशोधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत अब संस्थाओं के कामकाज में पारदर्शिता और समावेशिता को बढ़ावा दिया जा रहा है, और यह नियुक्ति इसी बदलाव का एक अहम हिस्सा है।

