

हरिद्वार के बहादरपुर जट गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई ऊर्जा निगम विजिलेंस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम ने दो-तीन घरों में छापेमारी की थी, इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और हाथापाई भी की।
इस घटना से गांव में काफी हंगामा मच गया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। विजिलेंस टीम अब आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की तैयारी कर रही है। थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, बहादराबाद ब्लॉक में बिजली चोरी की कई शिकायतें मिली थीं। इसी के तहत विजिलेंस टीम बुधवार सुबह करीब सात बजे गांव में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची। टीम ने अवैध तार हटाने और जब्त करने का काम शुरू किया।
इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया और टीम का घेराव कर दिया। एक दबंग व्यक्ति ने टीम पर हमला किया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। टीम के साथ मौजूद पुलिसकर्मी ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अन्य ग्रामीण उसे छुड़ाने लगे।
कुछ ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में टीम के साथ अभद्रता करते हुए और भागते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल गांव में शांति है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।







