




हरिद्वार: औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में नाबालिग लड़कियों से जबरन काम कराने और उनके साथ अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्लांट प्रमुख को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोप है कि फैक्टरी प्रबंधन से जुड़े लोगों ने लड़कियों पर चोरी का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की, हाथ-पांव बांधकर प्रताड़ित किया और मोबाइल से वीडियो बनाते हुए उनसे जबरन चोरी कबूल करवाने की कोशिश की।
शिकायत में बताया गया कि पीड़िता पिछले करीब दो वर्षों से फैक्टरी में काम कर रही थी और उसके साथ दो अन्य नाबालिग लड़कियां भी कार्यरत थीं। आरोप है कि नौकरी दिलाने के लिए पहचान पत्र में उम्र बढ़ाकर उन्हें काम पर रखा गया और समय-समय पर मजदूरी में कटौती कर पूरा वेतन भी नहीं दिया गया। घटना वाले दिन चाय पीकर लौटने के बाद पहले उनकी तलाशी ली गई और कुछ न मिलने के बावजूद दोबारा कार्यालय में बुलाकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई, दुपट्टे उतरवाकर हाथ-पांव बांध दिए गए और उन्हें अन्य कर्मचारियों के सामने अपमानित किया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें घर ले गए, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल से घटना से जुड़े वीडियो बरामद हुए और दस्तावेजों की जांच में उम्र में हेरफेर करने तथा जोखिम भरे काम करवाने के प्रमाण भी सामने आए। गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

