ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। रामझूला क्षेत्र से स्कूटी चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं, जिनकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। कोर्ट के आदेश के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
रामझूला के पास से चोरी हुई थी स्कूटी
मुनिकीरेती पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बनखंडी (ऋषिकेश) निवासी विनोद कुमार ने बीती 12 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 9 जून की रात को रामझूला स्थित मशहूर चोटीवाला रेस्टोरेंट के पास से उनकी स्कूटी चोरी हो गई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।
80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों ने खोला राज
इस चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस ने एक विशेष रणनीति के तहत काम किया। पुलिस टीम ने क्षेत्र के 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी इनपुट और मुखबिरों से मिली मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस आखिरकार चोरों का सुराग लगाने में कामयाब रही।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
13 जून की रात को पुलिस को आरोपियों के मूवमेंट की सटीक जानकारी मिली। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए निर्माणाधीन रेलवे रोड, सुमन पार्क ढालवाला के पास घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने 9 जून की रात रामझूला क्षेत्र से ही स्कूटी चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली गई है।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी भाई
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवांश पाल और प्रियांशु पाल के रूप में हुई है, जो आपस में सगे भाई हैं।
-
मूल निवासी: मोहल्ला शांतिनगर, थाना मिश्राना, जनपद लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश)।
-
वर्तमान पता: निगम रोड, हरिपुर, थाना सेलाकुई, जनपद देहरादून।
सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम:
इस मामले को सुलझाने और चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष शर्मा, उपनिरीक्षक अशोक रावत, मुख्य आरक्षी अजयवीर सिंह, आरक्षी राजीव कुमार, आरक्षी नीरज और आरक्षी कौशल शामिल रहे। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

