ऋषिकेश।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में चरस और स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी चरस में धूपबत्ती मिलाकर ऊंचे दामों पर बेचता था।
कृष्णा नगर तिराहे पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया
कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम कृष्णा नगर लेबर कॉलोनी तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस को सामने देख बाइक सवार हड़बड़ा गया और भागने का प्रयास करने लगा, जिसे मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही दबोच लिया।
1 किलो 200 ग्राम चरस और 7 ग्राम स्मैक बरामद
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम चरस और 7 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान परमजीत उर्फ रसगुल्ला (निवासी काले की ढाल, ऋषिकेश) के रूप में बताई।
धूपबत्ती मिलाकर मोटा मुनाफा कमाने का खेल
सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपी रसगुल्ला ने खुलासा किया कि वह नशे की यह खेप भानियावाला निवासी पंचम नाथ से खरीदकर लाया था। अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में वह चरस में धूपबत्ती मिलाता था और फिर उसे ऋषिकेश व आसपास के क्षेत्रों में युवाओं को सप्लाई करता था।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार और कांस्टेबल गौरव यादव मुख्य रूप से शामिल रहे।

