




ऋषिकेश। कांवड़ यात्रा के बीच जनपद देहरादून के पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल व्यवस्थाओं का जायजा लेने तीर्थनगरी ऋषिकेश पहुंचे। इंद्रमणि बडोनी चौक पर उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ कांवड़ियों से मुलाकात कर न केवल पुलिस के कर्तव्य का निर्वहन किया, बल्कि फूल-माला पहनाकर कांवड़ियों का स्वागत करते हुए इंसानियत का फर्ज भी निभाया।

पुलिस कप्तान के इस आत्मीय व्यवहार से कांवड़िये भी खासे उत्साहित नजर आए। कांवड़ियों ने गर्मजोशी के साथ पुलिस कप्तान का स्वागत करते हुए उन्हें माला पहनाई और कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया।
इस दौरान पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी और एसपी ग्रामीण जया बलूनी के साथ मिलकर कांवड़ियों को फल, खीर और ठंडे शरबत का वितरण किया। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।
इसके बाद पुलिस कप्तान ने कांवड़ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस बल की स्थिति, यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कप्तान ने बेहतर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाकर उनकी हौसला अफजाई भी की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और सभी पुलिसकर्मी सेवा, संयम एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
पुलिस कप्तान ने बताया कि 11 अगस्त को सावन की शिवरात्रि के अवसर पर तीर्थनगरी के वीरभद्र, सोमेश्वर और चंद्रेश्वर महादेव मंदिरों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सीओ तुषार बोरा और कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट शिवरात्रि के दिन पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त करते हुए सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की निगरानी करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद उत्कृष्ट एवं सराहनीय ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पुलिस कप्तान ने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

