




ऋषिकेश: त्रिवेणी घाट पर उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब गंगा के तेज बहाव में बहे एक कांवड़िए को रेस्क्यू टीमों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सतर्क रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए नदी के तेज बहाव में लगभग 500 मीटर आगे जाकर युवक को डूबने से पहले सकुशल बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार (8 अगस्त 2026) दोपहर लगभग 02:00 बजे की है। हरियाणा के रोहतक जिले के चिड़ियाना गांव निवासी 22 वर्षीय कपिल दुहन (पुत्र सत्यवान दुहन) अपने साथियों के साथ कांवड़ लेने ऋषिकेश आया हुआ था। त्रिवेणी घाट पर स्नान के दौरान वह अचानक गंगा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और नदी की ओर बहने लगा।
कांवड़िए को बहता देख घाट पर तैनात एसडीआरएफ (SDRF), जल पुलिस और आपदा राहत दल के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला। टीमों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू बोट और जीवन रक्षक उपकरणों की मदद से बह रहे युवक का पीछा किया। अदम्य साहस और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए जवानों ने घटना स्थल से 500 मीटर आगे जाकर बहते हुए कांवड़िए को पानी में डूबने से ठीक पहले सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू करने के बाद युवक को सकुशल घाट पर लाया गया और प्राथमिक जांच के बाद उसके साथियों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रशासन की अपील: गहरे पानी में जाने से बचें मानसून और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज है, इसलिए स्नान के लिए केवल चिन्हित, सुरक्षित और पक्के घाटों का ही उपयोग करें।

