




बड़कोट (ऋषिकेश): वन विभाग की कीमती जमीन पर कब्जा जमाने की फिराक में बैठे भू-माफिया के खिलाफ बड़कोट रेंज की टीम ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। नोटिस जारी किए जाने के बावजूद वन भूमि पर गतिविधियां जारी रखने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बड़कोट रेंज के रेंजर गणेश उनियाल पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गए हैं।
नोटीस के बाद भी जारी रही कब्जाने की कोशिश जानकारी के मुताबिक, वन विभाग को सूचना मिली थी कि विभागीय भूमि को कब्जाने की नीयत से कुछ लोगों द्वारा जमीन की नपाई (डाइमेंशन) और अन्य गतिविधियां की जा रही हैं। मामला संज्ञान में आते ही रेंजर गणेश उनियाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया और संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी कर काम रोकने के निर्देश दिए। हालांकि, इसके बावजूद मौके पर काम जारी रहने की शिकायतें आईं, जिसके बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है।
“एक इंच जमीन भी अतिक्रमण की भेंट नहीं चढ़ने दूंगा” भू-माफिया को दो टूक चेतावनी देते हुए रेंजर गणेश उनियाल ने साफ कर दिया कि “वन विभाग की भूमि भू-माफिया के साथ एक इंच भी नहीं जाने दूंगा।” उन्होंने कहा कि वन भूमि केवल सरकारी संपत्ति ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और जनता की अमूल्य धरोहर है, जिसकी सुरक्षा करना विभाग की प्राथमिकता है। अवैध कब्जा करने की कोशिश करने वालों से किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भू-माफिया में हड़कंप, मौके पर निगरानी सख्त वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई और चेतावनी के बाद क्षेत्र के भू-माफिया में हड़कंप मच गया है। विभाग अब यह सुनिश्चित कर रहा है कि नोटिस के बाद मौके पर कोई भी अवैध निर्माण या गतिविधि न हो सके। आवश्यकता पड़ने पर विभागीय टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर सीधे बुलडोजर या जब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है।
पर्यावरण और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिहाज से बड़कोट रेंज की इस त्वरित कार्रवाई को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि विभाग आगे इस मामले में आरोपियों के खिलाफ क्या बड़े कदम उठाता है।

