




ऋषिकेश:
पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार भारी बारिश का असर अब मैदानी और तराई क्षेत्रों के नदी-नालों में साफ देखने को मिल रहा है। ऋषिकेश-चीला मार्ग पर बहने वाली बीन नदी अचानक आए तेज उफान के कारण अपने रौद्र रूप में आ गई है। नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ने से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है, जिससे कई यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई है।
मौसम के इस मिजाज के बीच मौके से बेहद डरावने और हैरान कर देने वाले दृश्य सामने आए हैं। नदी के तेज बहाव में एक कार अचानक बीचों-बीच जाकर फंस गई। पानी का प्रवाह इतना प्रचंड था कि वाहन के बहने का गंभीर खतरा बना हुआ था। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने समझदारी और अदम्य साहस का परिचय दिया। ग्रामीणों ने बिना देर किए ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को सुरक्षित बाहर निकाला।
वहीं, दूसरी ओर जान जोखिम में डालकर नदी पार करने की मजबूरी के बीच एक अनोखी तस्वीर भी देखने को मिली। नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ने के कारण कुछ राहगीर जान बचाने और दूसरी तरफ पहुंचने के लिए हाथी की पीठ पर सवार होकर उफनती बीन नदी को पार करते नजर आए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम अलर्ट मोड पर आ गई है। प्रशासन ने यात्रियों और आम जनता के लिए चेतावनी जारी की है। पुलिस ने अपील की है कि जब तक नदी का जलस्तर कम न हो जाए, तब तक कोई भी व्यक्ति नदी में उतरने या अपने वाहन को उफनते पानी में ले जाने का जोखिम न उठाए। जलस्तर घटने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही सुरक्षित रूप से मार्ग पार करने की सलाह दी गई है।

