




ऋषिकेश। थाना मुनिकीरेती पुलिस ने स्वामीनारायण आश्रम के समीप हुई लूट की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल एक विधि विवादित किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
14 हजार और मोबाइल छीनकर हुए थे फरार मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि 1 सितम्बर को नंदा नगर (चमोली) हाल निवासी शीशम झाड़ी, ऋषिकेश के हरेन्द्र सिंह भंडारी ने तहरीर दी थी। पीड़ित ने बताया कि 31 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे स्वामीनारायण आश्रम के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेरकर ₹14,000 की नकदी और मोबाइल फोन छीन लिया था।
सीसीटीवी और सुरागरसी से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी के आधार पर खारा स्रोत पुल के पास से तीनों को धर दबोचा।
बरामदगी के बाद बढ़ाई गईं धाराएं तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से ₹12,500 की नकदी, लूटा गया मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 की बढ़ोतरी की है। साथ ही अवैध हथियार मिलने पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत पृथक मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों का विवरण:
-
अमन प्रसाद – निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश
-
अंकित – निवासी शीशम झाड़ी, मुनिकीरेती
-
एक विधि विवादित किशोर (पुलिस संरक्षण में)
शातिर अपराधी है आरोपी अमन प्रसाद पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी अमन प्रसाद बेहद शातिर किस्म का अपराधी है और पूर्व में भी कई संगीन मामलों में जेल जा चुका है। उस पर रायवाला थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act), लक्ष्मणझूला थाने में चोरी और मुनिकीरेती थाने में आर्म्स एक्ट के मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

