




हरिद्वार। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (उत्तराखण्ड) विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया। सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों, ढाबों, रेस्टोरेंटों और डेयरियों का औचक निरीक्षण किया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने औद्योगिक क्षेत्र, खड़खड़ी तथा भीमगोड़ा क्षेत्र में स्थित खाद्य निर्माण इकाइयों, दुकानों और रेस्टोरेंटों में साफ-सफाई व खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का जायजा लिया।

जनशिकायत पर दूध और रेस्टोरेंट से दाल का लिया नमूना कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्र किए।
-
खड़खड़ी: स्थित एक ढाबे/रेस्टोरेंट से पकी हुई दाल का नमूना लिया गया।
-
भीमगोड़ा (गुसाई गली): एक ग्राहक की शिकायत का संज्ञान लेते हुए डेयरी से खुले दूध का सैंपल लिया गया।
-
औद्योगिक क्षेत्र: एक पैकेजिंग फर्म का औचक निरीक्षण कर शहद का नमूना जांच के लिए भेजा गया।
स्वच्छता मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत निरीक्षण के दौरान टीम ने ढाबा व रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्वच्छता और हाइजीन के मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

