ऋषिकेश: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत आज ऋषिकेश के एकदिवसीय प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने के साथ ही आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और रणनीति पर अपनी बात रखी।
ऋषिकेश आगमन पर तीरथ सिंह रावत माया कुंड स्थित डंडीवाड़ा आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया और पूज्य संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत उन्होंने त्रिवेणी घाट पहुंचकर मां गंगा की भव्य आरती में शिरकत की और देश व प्रदेशवासियों के सुख, शांति और कल्याण की प्रार्थना की।
आश्रम में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आश्रम में आयोजित इस महायज्ञ में शामिल होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है। ऐसे दिव्य अनुष्ठानों से मन को आत्मिक शांति और प्रसन्नता मिलती है।
2047 के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव और भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए तीरथ सिंह रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 24×7 जनता के बीच रहने वाला संगठन है और चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। पार्टी के कार्यकर्ता निरंतर बूथ स्तर पर जाकर जन-जन से संपर्क साध रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प और केंद्र व राज्य सरकार के ऐतिहासिक विकास कार्यों के मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता का कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से पूरी तरह से विश्वास उठ चुका है और उन्हें केवल पीएम मोदी के नेतृत्व पर ही भरोसा है। उन्होंने पूर्ण विश्वास जताया कि विकास कार्यों के दम पर भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी।

