देहरादून: थाना रायवाला क्षेत्र में हुई महिला की सनसनीखेज हत्या के मामले का देहरादून पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। ममता के रिश्ते को तार-तार कर देने वाले इस हत्याकांड में मृतका की अपनी ही बेटी मुख्य आरोपी निकली, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला? मामला 22 तारीख का है, जब रायवाला पुलिस को सूचना मिली कि एक बंद मकान के भीतर महिला का शव पड़ा हुआ है। हत्या की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की।
एसपी ग्रामीण ने किया खुलासा
मामले का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और तफ्तीश आगे बढ़ाई। जांच के दौरान जैसे-जैसे कड़ियां जुड़ती गईं, पुलिस के भी होश उड़ गए। साक्ष्यों के आधार पर यह साफ हो गया कि हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि घर के ही सदस्य ने की है।
साजिश के तहत दी गई वारदात को अंजाम एसपी ग्रामीण जया बलूनी के अनुसार, मृतका की बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मां को मौत के घाट उतारने की पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।

