हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में आगामी 29 सितंबर से तीन दिवसीय ‘राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ खेल प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। 1 अक्टूबर तक रोशनाबाद स्थित योगऋषि खेल परिसर में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।

प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 29 सितंबर को सुबह 11:00 बजे राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी करेंगी।
युवा कल्याण विभाग के निर्देशों पर आयोजन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि निदेशक, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल (उत्तराखण्ड, देहरादून) के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसका संचालन जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में किया जा रहा है।
अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग के मुकाबले इस तीन दिवसीय खेल उत्सव में अंडर-14 तथा अंडर-19 (बालक एवं बालिका) वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, फुटबॉल, वॉलीबॉल, मलखम्ब, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, एरोबिक्स, एथलेटिक रेस, रस्साकशी और गोला फेंक जैसी कई स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
1 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण प्रतियोगिता के समापन अवसर पर 1 अक्टूबर को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
तैयारियों और व्यवस्थाओं के निर्देश आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने योगऋषि खेल परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, खेल मैदान और निर्णायकों (अंपायरों) की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परिसर में अस्थायी शौचालय, पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

