ऋषिकेश: ऋषिकेश स्थित सीमा डेंटल कॉलेज के निकट डोमिनोज स्टोर से एक बड़ा विवाद सामने आया है। स्टोर में कार्यरत कर्मचारियों ने स्टोर प्रबंधन और क्लस्टर मैनेजर पर अन्यायपूर्ण तरीके से नौकरी से निकालने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़ित कर्मचारी देवेंद्र कुमार और उनके 10 सहयोगियों ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा है।
ऑडिट में लापरवाही और जबरन दोष मढ़ने का आरोप शिकायत पत्र में दिए गए विवरण के अनुसार, विवाद की शुरुआत स्टोर में हुई NSF (Non-System/Food) ऑडिट के दौरान हुई, जिसमें एक्सपायरी (समयावधि समाप्त) सामान बरामद किया गया था। कर्मचारियों का स्पष्ट आरोप है कि एक्सपायरी सामान पकड़ा जाना नाइट स्टोर इनचार्ज की लापरवाही का नतीजा था, जिसके बाद संबंधित इनचार्ज की नौकरी चली गई।
कर्मचारियों का कहना है कि जब अगली सुबह मॉर्निंग शिफ्ट में दोबारा ऑडिट प्रक्रिया शुरू हुई, तो ऑडिट टीम और प्रबंधन द्वारा टीम मेंबर्स पर ज़बरदस्ती यह लिखित बयान देने का दबाव बनाया गया कि इस लापरवाही में उनकी गलती थी। जब कर्मचारियों ने किसी दूसरे की गलती का दोष अपने सिर लेने से साफ इनकार कर दिया, तो प्रबंधन ने उन्हें बिना किसी जायज कारण के नौकरी से बाहर निकाल दिया।
क्लस्टर मैनेजर पर सह और क्षेत्र में काम न करने देने की धमकी पीड़ित कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि इस पूरी कार्रवाई में क्लस्टर मैनेजर का स्टोर प्रबंधन को पूरा समर्थन प्राप्त था। इतना ही नहीं, कर्मचारियों का दावा है कि उन्हें प्रबंधन की ओर से यह खुली धमकी भी दी जा रही है कि उन्हें पूरे ऋषिकेश क्षेत्र में कहीं भी काम नहीं करने दिया जाएगा।

‘हमारे पास बेगुनाही के सभी सबूत’
प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित कर्मचारियों ने पूछा कि एक साथ 10 टीम मेंबर्स कैसे गलत हो सकते हैं? कर्मचारियों ने दावा किया है कि वे पूरी तरह से निर्दोष हैं और अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए उनके पास सभी आवश्यक सबूत मौजूद हैं। फिलहाल, कर्मचारियों ने श्रम विभाग से मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।

