रुड़की। शहर में शनिवार को नशे में धुत एक कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए सड़क पर भारी तांडव मचाया। मलकपुर चुंगी से लेकर सोलानी पुल तक बेकाबू i20 कार ने एक के बाद एक करीब 8 वाहनों को रौंद डाला। इस खौफनाक हादसे में एक स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक अत्यधिक नशे में धुत था और बेहद तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। मलकपुर चुंगी से सोलानी पुल के बीच जो भी वाहन उसकी कार के सामने आया, वह उसे टक्कर मारता चला गया। इस दौरान उसने कई दुपहिया और चार पहिया वाहनों को अपनी चपेट में लिया। लगातार हुई टक्करों के बाद सोलानी पुल पर जाकर बेकाबू कार आखिरकार रुक गई।
गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई की सोलानी पुल पर कार के रुकते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। नशेड़ी चालक की इस खतरनाक हरकत से उग्र हुए लोगों ने उसे कार से बाहर खींच लिया और जमकर उसकी धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से आरोपी को छुड़ाकर हिरासत में लिया।
पुलिस ने घायल स्कूटी सवार को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

