ऋषिकेश: मुनिकीरेती पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। व्हाट्सएप पर फर्जी RTO (क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय) चालान की फाइलों (APK) के जरिए लोगों के बैंक खातों में सेंध लगाने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग को पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पटेल कुणाल दिनेश भाई के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला? एसएसपी श्वेता चौबे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के ढालवाला निवासी नरेशचंद्र रमोला को 23 अगस्त 2025 को उनके व्हाट्सएप पर आरटीओ चालान से संबंधित एक संदेहास्पद एंड्रॉइड एप्लीकेशन (.APK) फाइल प्राप्त हुई थी। पीड़िता द्वारा जैसे ही इस फाइल को मोबाइल में डाउनलोड किया गया, ठग ने उनके फोन का रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपी ने बैंक खाते से 4 लाख 40 हजार रुपये की चपत लगा दी।
पुलिस और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई पीड़ित की शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर मामले की गहन जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच साइबर सेल के उपनिरीक्षक संजीव थपलियाल को सौंपी गई। सर्विलांस, तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल फुटप्रिंट्स की मदद से टीम ने आरोपी की सटीक लोकेशन अहमदाबाद (गुजरात) में ट्रेस की, जिसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।
साइबर पुलिस की चेतावनी: पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि व्हाट्सएप या किसी भी अज्ञात स्त्रोत से आने वाले अनजान लिंक या .APK फाइलों को भूलकर भी डाउनलोड न करें। आरटीओ चालान या किसी भी सरकारी सेवा की जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइटों से ही प्राप्त करें।

