




पौड़ी गढ़वाल:
पवित्र श्रावण मास के दौरान पंचक की अवधि समाप्त होते ही प्रसिद्ध सिद्धपीठ नीलकंठ महादेव मंदिर में शिवभक्तों का अप्रत्याशित सैलाब उमड़ पड़ा है। पंचक बीतते ही कांवड़ियों की आवाजाही में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके साथ ही नीलकंठ क्षेत्र में तेज गति से पहुंचने वाली डाक कांवड़ियों का आगमन भी शुरू हो चुका है। चारों ओर ‘बम-बम भोले’ और ‘जय नीलकंठ’ के जयकारों से पूरा धाम गुंजायमान है।
आज ही 60 हजार से अधिक भक्तों ने किया जलाभिषेक
पौड़ी पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, सावन के इस पावन महीने में अब तक 11 लाख से अधिक कांवड़िए नीलकंठ महादेव का जलाभिषेक कर चुके हैं। अकेले आज के दिन ही 60 हजार से अधिक शिवभक्तों ने भगवान नीलकंठ महादेव के दर्शन कर पवित्र जल अर्पित किया। नीलकंठ धाम के मुख्य पुजारी शिवानंद गिरि ने बताया कि पंचक समाप्त होते ही श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है और आने वाले दिनों में यह संख्या और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।
11 अगस्त तक भारी भीड़ का अनुमान
प्रशासन और नीलकंठ मंदिर समिति का मानना है कि आज से लेकर 11 अगस्त तक कांवड़ियों की संख्या में भारी उछाल आएगा। डाक कांवड़ के प्रवेश के बाद यात्रा की गति काफी तीव्र हो गई है, जिससे ऋषिकेश और पौड़ी सीमा से सटे मार्ग शिवभक्तों की भीड़ से पटे पड़े हैं।
सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त, पुलिस अलर्ट मोड पर
डाक कांवड़ की एंट्री और लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड पर आ गया है। एसएसपी पौड़ी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
संवेदनशील स्थानों और मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

