




देहरादून। रायपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 11 बाइक और स्कूटी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश डबराल के रूप में हुई है, जो अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
रेकी कर चुराता था वाहन, जंगल में छिपाकर रखी थी गाड़ियां
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी राकेश डबराल काफी शातिर किस्म का अपराधी है। वह पहले सुनियोजित तरीके से ऐसे स्थानों की रेकी करता था जहाँ सुरक्षा ढीली हो और फिर पलक झपकते ही वाहन उड़ा लेता था। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए उसने कई चोरी के वाहनों को जंगल में छिपाकर रखा हुआ था, ताकि मौका मिलते ही उन्हें ठिकाने लगा सके।
80 से अधिक CCTV कैमरों ने खोला राज
रायपुर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके और आसपास के लगभग 80 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आखिरकार आरोपी राकेश डबराल तक पहुँच गई और उसे धर दबोचा। पुलिस आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर रही है।
एसपी ग्रामीण जया बलूनी के अनुसार:
रायपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए अभियुक्त राकेश डबराल को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 11 दो-पहिया वाहन (बाइक और स्कूटी) बरामद किए गए हैं। आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए रेकी कर गाड़ियां चुराता था और उन्हें जंगल में छिपा देता था। पुलिस ने लगभग 80 CCTV कैमरों की मदद से उसे ट्रेस किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

