




ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश के बेहद व्यस्त रहने वाले झंडा चौक क्षेत्र में एक शातिर टप्पेबाज ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर पूरे सर्राफा बाजार में सनसनी फैला दी। शातिर चोर एक ज्वेलरी शॉप संचालक को अपनी बातों के जाल में उलझाकर बड़ी चालाकी से सोने के दो कीमती पैडेंट चोरी कर रफूचक्कर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 19 अगस्त की है। आदर्श नगर निवासी हिमानी पंवार की झंडा चौक स्थित ज्वेलरी शॉप पर एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर आया। आरोपी ने गहने देखने के बहाने दुकान संचालक का ध्यान भटकाया और बेहद सफाई से सोने के दो पैडेंट अपनी जेब में रख लिए। टप्पेबाज के दुकान से जाने के कुछ देर बाद जब सामान का मिलान किया गया, तब चोरी की इस घटना का खुलासा हुआ।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए घाट चौकी प्रभारी बिनेश कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया है। दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी का हुलिया और उसके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष है। व्यापारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

