




ऋषिकेश: मुनिकीरेती थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर हाईवे पर मालागूंठी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार डंपर और स्विफ्ट कार के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। SDRF की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि स्विफ्ट कार देवप्रयाग की ओर जा रही थी, जबकि सामने से आ रहा डंपर ऋषिकेश की तरफ बढ़ रहा था। मालागूंठी के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार यात्री अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी ब्यासी से मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के नेतृत्व में SDRF की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। SDRF ने स्थानीय पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर कटर व अन्य उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसी तीन महिलाओं और एक पुरुष को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। SDRF की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस घायलों की शिनाख्त करने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

