ऋषिकेश:
गंगा तटों, जलस्रोतों और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयासरत ‘द हिमाद्री फाउंडेशन’ ने सोमवार को ऋषिकेश स्थित प्रसिद्ध त्रिवेणी घाट पर अपनी 82वीं स्वच्छता मुहिम का सफल आयोजन किया। पिछले दो वर्षों से लगातार चलाए जा रहे इस अभियान का प्राथमिक उद्देश्य सिंगल-यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूरी तरह समाप्त करना, तटीय पारिस्थितिकी (तटीय पर्यावरण) का बचाव करना और आम नागरिकों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाना है।

इस 82वें स्वच्छता अभियान की खास बात यह रही कि इसमें ‘द हिमाद्री फाउंडेशन’ के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रमुख युवा संगठनों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इनमें मेरठ से आए ‘एनवायरनमेंट क्लब’, दिल्ली से ‘टियर्स ऑफ द अर्थ’ तथा ‘कल्चरल कैडेट कलेक्टिव’ प्रमुख रूप से शामिल रहे।
विशेष रूप से ऋषिकेश पहुंचे इन युवा संगठनों ने हिमाद्री फाउंडेशन के स्वयंसेवकों के साथ मिलकर त्रिवेणी घाट एवं उसके आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया और भारी मात्रा में प्लास्टिक कचरा व अन्य अजैविक अपशिष्ट एकत्र किया।
कार्यक्रम के अंत में संत महंत लोकेश दास ने दूर-दराज से पहुंचे सभी सहयोगी संगठनों और युवाओं के इस निस्वार्थ कार्य की खुले दिल से प्रशंसा की। पर्यावरण संरक्षण में युवाओं के इस सराहनीय योगदान के लिए उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

