




ऋषिकेश: एसएसपी देहरादून की पैनी रणनीति और ऋषिकेश पुलिस की सख्त सतर्कता के चलते नशा तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने सोमवार को एक ही दिन में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से आधा किलो से अधिक चरस, भारी मात्रा में शराब और तस्करी में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
आईडीपीएल गोल चक्कर से चरस के साथ 2 गिरफ्तार कोतवाल यशपाल बिष्ट ने बताया कि पुलिस को क्षेत्र में चरस तस्करी का सटीक इनपुट मिला था। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आईडीपीएल गोल चक्कर के पास घेराबंदी की और बाइक सवार दो संदिग्धों—धनवीर चंद्र रमोला और विकास भट्ट को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 559 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने बाइक समेत दोनों को हिरासत में ले लिया।
कच्ची और देसी शराब सप्लाई करने आए 2 अन्य तस्कर दबोचे

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस की दूसरी टीम ने श्रीराम टाइल्स वाली गली में दबिश देकर बूटा सिंह और रवि को गिरफ्तार किया। आरोपी क्षेत्र में शराब की सप्लाई देने पहुंचे थे। इनके पास से 40 लीटर कच्ची शराब और 1 पेटी देसी शराब जब्त की गई।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

