




ऋषिकेश। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में रविवार, 23 अगस्त 2026 को भारत मंदिर स्थित झंडा चौक पर पंजीकृत श्रमिकों के कल्याणार्थ एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के 1000 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश विधायक श्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। शिविर में पात्र लाभार्थी श्रमिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करते हुए 579 स्वच्छता (हाइजीन) किट, 546 पोषण (न्यूट्रिशन) किट और 542 शैक्षिक (एजुकेशन) किट का निशुल्क वितरण किया गया। बोर्ड के नियमानुसार प्रत्येक पात्र श्रमिक परिवार को कुल चार किटें—एक हाइजीन, एक न्यूट्रिशन तथा दो एजुकेशन किट—प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त 574 श्रमिकों को चिकित्सा लाभ का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने श्रमिकों को श्रम विभाग में पंजीकरण कराने और उसके माध्यम से मिलने वाले विभिन्न सामाजिक सुरक्षा व वित्तीय लाभों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर डोईवाला-ऋषिकेश के श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री आनंद शेखर और प्रोजेक्ट हेड प्रमोद रावत सहित कर्मकार कल्याण बोर्ड के कई अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे

