




ऋषिकेश। तीर्थनगरी के निकट मुनिकीरेती क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ महिलाओं का भारी आक्रोश देखने को मिला है। 14 बीघा पुल के पास बंदे वाली रोड स्थित एक दुकान में अवैध रूप से चलाए जा रहे अंग्रेजी और देसी शराब के मिनी ठेके का भंडाफोड़ हुआ है। खास बात यह रही कि इस अवैध धंधे का खुलासा पुलिस ने नहीं, बल्कि नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण के नेतृत्व में स्थानीय महिलाओं ने छापेमारी कर किया।
मौके पर मची अफरा-तफरी, दर्जनों शराब की पेटियां बरामद
क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें आ रही थीं। शुक्रवार को पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अगुवाई में दर्जनों महिलाओं ने बंदे वाली रोड स्थित संदिग्ध दुकान पर अचानक धावा बोल दिया। छापेमारी के दौरान दुकान के भीतर से करीब एक दर्जन देसी और अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। शराब की इतनी बड़ी खेप देखकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर ही कई पेटियों को नष्ट कर दिया।
पुलिस की कार्यशैली पर खड़े किए गंभीर सवाल
छापेमारी के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने स्थानीय पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बेची जा रही थी। इस संबंध में कई बार पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया गया। महिलाओं का कहना है कि पुलिस की अनदेखी के कारण ही क्षेत्र में अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
पुलिस की सफाई और कार्रवाई का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ उप निरीक्षक (SSI) योगेश पांडे ने बताया कि महिलाओं द्वारा ज्यादातर शराब मौके पर ही नष्ट कर दी गई थी, जबकि पुलिस ने मौके से बची हुई करीब तीन पेटी शराब को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

