




ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन क्षेत्र के पास एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
Snapchat के जरिए हुई थी पहचान पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि पीड़िता और आरोपी के बीच संपर्क प्रसिद्ध सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट (Snapchat) के माध्यम से हुआ था। आरोपी ऋषिकेश से बाहर किसी अन्य क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने और पहचान को और पुख्ता करने में जुटी है।
देहरादून से बुलाई गई फॉरेंसिक टीम मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए देहरादून से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की विशेष टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। FSL टीम ने मौके का गहनता से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। एकत्र किए गए इन भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्यों को विवेचना का हिस्सा बनाकर लैब जांच के लिए भेजा गया है।
पीड़िता की स्थिति सामान्य, अस्पताल में भर्ती घटना के बाद पीड़िता को तुरंत चिकित्सकीय सहायता के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, पीड़िता की हालत अब स्थिर और सामान्य है तथा वह बातचीत करने की स्थिति में है।
सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों का पुलिस ने किया खंडन
घटना के बाद सोशल मीडिया पर पीड़िता के साथ मारपीट करने और उसे रेलवे ट्रैक पर फेंक देने जैसी बातें तेजी से वायरल होने लगीं। पुलिस प्रशासन ने इन सभी खबरों और दावों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर चल रही यह जानकारी पूरी तरह भ्रामक और गलत है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।

