ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के मुनिकीरेती क्षेत्र में गंगा किनारे स्थित प्रसिद्ध आस्था पथ पर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ लड़कियों ने भगवा वस्त्र पहने एक संदिग्ध व्यक्ति को सरेराह पकड़ लिया। लड़कियों का आरोप है कि यह व्यक्ति साधु के भेष में घूमकर बच्चों को पैसों और साइकिल का लालच दे रहा था और उन्हें अपने साथ चलने के लिए बहला रहा था। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो गंगा रिसॉर्ट के पास आस्था पथ का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक लड़की ने भगवा कपड़े पहने व्यक्ति का हाथ और कपड़ा कसकर पकड़ा हुआ है और वह चिल्लाते हुए उसे जाने से रोक रही है। लड़कियों के शोर मचाने पर आस्था पथ पर टहल रहे स्थानीय लोग और पर्यटक तुरंत मौके पर जमा हो गए।
जब वहां मौजूद लोगों को बच्चियों के आरोपों और मामले की गंभीरता का पता चला, तो स्थानीय युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों और यूजर्स में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तीर्थनगरी और विशेषकर आस्था पथ जैसे पवित्र और सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की संदिग्ध गतिविधियां सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ी करती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घाटों और आस्था पथ के आसपास साधु के भेष में घूमने वाले सभी संदिग्ध लोगों का तत्काल और कड़ाई से सत्यापन (वेरिफिकेशन) किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं सौंपी गई है।

