ऋषिकेश के ओम घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां अपने परिजनों के साथ नहाने गया एक 12 वर्षीय बालक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद से ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अचानक पैर फिसलने से हुआ हादसा पुलिस और एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश के शिवाजी नगर (गली नंबर 29) का रहने वाला 12 वर्षीय चंदन पुत्र दयाराम अपने परिवार के सदस्यों के साथ स्टेडिया गली नंबर 4 स्थित आस्था पथ के ‘ओम घाट’ पर गंगा स्नान के लिए आया था। सभी लोग घाट पर नहा रहे थे कि इसी दौरान अचानक पैर फिसलने के कारण चंदन गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते तेज बहाव में आंखों के सामने से ओझल हो गया।
मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी चंदन को बहता देख परिजनों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत वहां इकट्ठा हो गए और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। हादसे की सूचना मिलते ही एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह पंवार और एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण अपनी टीमों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
आपदा राहत दल के गोताखोरों ने बिना वक्त गंवाए गंगा की तेज लहरों के बीच रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। हालांकि, काफी प्रयासों के बाद भी अभी तक चंदन का कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं।

