




ऋषिकेश: महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं की जेब पर अब एलपीजी गैस डिलीवरी कर्मचारी भी डाका डाल रहे हैं। शहर में घरेलू गैस सिलेंडर से गैस चोरी करने और ग्राहकों को कम वजन के सिलेंडर थमाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डिलीवरी वाहन के भीतर कर्मचारी बेखौफ होकर अवैध रिफिलिंग (गैस कटिंग) करते दिखाई दे रहे हैं।
दावा किया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो ऋषिकेश के शिवाजी नगर इलाके का है। दूर से बनाए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि गैस डिलीवरी गाड़ी के अंदर कई घंटों तक अवैध रूप से एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में रिफिलिंग का खेल चलता रहा। इसके बाद यही कम वजन वाले सिलेंडर उपभोक्ताओं को पूरे दाम पर सप्लाई कर दिए गए।
विभाग की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
ऋषिकेश में अवैध रिफिलिंग का यह कोई पहला मामला नहीं है; इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में राजधानी देहरादून में इसी तरह का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई की थी। इसके बावजूद ऋषिकेश में कर्मचारियों द्वारा बिना किसी डर के इस अवैध धंधे को अंजाम देना खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और संबंधित गैस एजेंसियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उपभोक्ताओं से पूरे पैसे वसूलने के बाद भी उन्हें तय मानक से कम गैस दी जा रही है। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों और संबंधित एजेंसियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

