




ऋषिकेश: रंगदारी, ब्लैकमेलिंग और मारपीट जैसे संगीन अपराधों में लिप्त ‘किंग ऑफ उत्तराखण्ड गैंग’ के फरार सदस्य रवि गुप्ता को कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले स्थित सोनौली बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। 25 हजार रुपये के इस इनामी आरोपी पर पुलिस से बचने के लिए नेपाल भागने का प्रयास करने का आरोप है।
एसएसपी देहरादून ने गैंगस्टर एक्ट के तहत फरार चल रहे रवि गुप्ता पर 27 अगस्त को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके तुरंत बाद, 28 अगस्त को सटीक सूचना मिलने पर श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोनौली पहुंचकर स्थानीय पुलिस के समन्वय से घेराबंदी की और आरोपी को महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी के साथ दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी की गाड़ी से नेपाल कस्टम द्वारा जारी अस्थाई वाहन पास और वाहन अनुमति-पत्र बरामद हुए हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि आरोपी भारत छोड़कर नेपाल फरार होने की फिराक में था।
जमीन विवाद, ब्लैकमेलिंग और दहशत फैलाना था गैंग का काम
कोतवाल यशपाल बिष्ट ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ‘किंग ऑफ उत्तराखण्ड गैंग’ का सरगना जगजीत उर्फ जग्गा अपने गुर्गों के साथ मिलकर भूमि और पारिवारिक विवादों में अवैध रूप से हस्तक्षेप करता था। यह गिरोह आम लोगों को डरा-धमकाकर मारपीट करने, अवैध वसूली करने, ब्लैकमेल करने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर क्षेत्र में दहशत का माहौल बनाता था।
पुलिस इस आपराधिक गिरोह पर पहले भी कड़ी कार्रवाई कर चुकी है। गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा, प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले में चौथा नामजद आरोपी रवि गुप्ता लगातार फरार चल रहा था, जिसे अब पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

