देहरादून:
उत्तराखंड की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। देहरादून के कैंट थाने में एक गंभीर मामला दर्ज किया गया है, जिसमें मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर धोखाधड़ी, मारपीट और उत्पीड़न जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी की बात छिपाने और धोखाधड़ी का आरोप
पीड़िता का मुख्य आरोप है कि आरोपी गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की बात उससे छिपाकर यह विवाह किया था। जब इस बात का खुलासा हुआ और पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी पति द्वारा उसके साथ मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का सिलसिला शुरू हो गया।
जातिसूचक गालियां देने और अपमानित करने का आरोप
शिकायत में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने सरकारी आवास के भीतर स्टाफ के सामने पीड़िता को अपमानजनक जातिसूचक गालियां दीं और प्रताड़ित किया।
फर्जी दस्तावेजों से निदेशक पद से हटाने का षड्यंत्र
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसके कूट रचित (फर्जी) हस्ताक्षर किए और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उसे कंपनी के निदेशक (डायरेक्टर) पद से निवृत्त दर्शा दिया। इसके अलावा, हाल ही में सामने आए एक ऑडियो से यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी किसी अन्य महिला से बात करते हुए पीड़िता को जान से मारने का षड्यंत्र रच रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इन तमाम गंभीर आरोपों के आधार पर पीड़िता ने कैंट थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

