कांवड़ मेले की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ऋषिकेश में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG – लॉ एंड ऑर्डर) वी मुरुगेशन ने तीन जनपदों—देहरादून, टिहरी और पौड़ी के पुलिस बल के साथ एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक की।
बैठक के दौरान एडीजी ने पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। कांवड़ियों के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखने और उनकी हर संभव सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, मेले के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। मानसून सीजन को देखते हुए गंगा घाटों और संवेदनशील इलाकों में SDRF, NDRF और जल पुलिस की विशेष तैनाती के आदेश दिए गए हैं। मंदिर दर्शन, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और खान-पान की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, डीआईजी (क्राइम/लॉ एंड ऑर्डर) धीरेंद्र गुंज्याल, एसएसपी श्वेता चौबे, सर्वेश पंवार और प्रमेंद्र डोभाल समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों और कांवड़ियों से यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने में सहयोग की अपील की है।

