




चमोली (उत्तराखंड): उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पीपलकोटी क्षेत्र के मायापुर में स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी (THDC) टनल में अचानक मलबा और पानी भरने से हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त टनल में लगभग 22 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और सीआईएसएफ (CISF) की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
16 लोग सुरक्षित बाहर निकले, बचाव कार्य जारी
मुस्तैदी से चलाए गए राहत अभियान के तहत अब तक 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। टनल के भीतर फंसे शेष अन्य लोगों को सकुशल बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना, आईटीबीपी (ITBP), एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
मुख्यमंत्री धामी खुद रख रहे हैं नजर
मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बचाव अभियान को युद्धस्तर पर चलाया जाए और टनल में फंसे हर एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला जाए। मुख्यमंत्री स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और पल-पल की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।
जिलाधिकारी गौरव कुमार का बयान: “घटना की सूचना मिलते ही सभी राहत एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। अब तक 16 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। शेष लोगों को भी जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी टीमें पूरी ताकत के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।”

