




रायवाला (उत्तराखंड): रायवाला थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक थार चालक की बेकाबू और खौफनाक करतूत सामने आई है। आरोपी थार चालक ने सरेराह गुंडागर्दी दिखाते हुए एक बस ड्राइवर पर गाड़ी चढ़ा दी और उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। यही नहीं, वारदात के बाद मौके से भागने की हड़बड़ी में आरोपी ने एक अन्य कार को भी जोरदार टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में काफी आक्रोश है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस और शिकायतकर्ता प्राची शर्मा के अनुसार, 13 अगस्त को स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (जौलीग्रांट) की बस छात्रों और दो महिला स्टाफ सदस्यों को लेकर हरिद्वार छोड़ने जा रही थी। बस जैसे ही नेपाली फार्म के पास पहुंची, एक काले रंग की थार का चालक बस के आगे-पीछे खतरनाक और लापरवाही से गाड़ी चलाने लगा।
थार चालक की इस हरकत से सहमे बस चालक गुरुमुख ने मोतीचूर फ्लाईओवर के पास थार के आगे अपनी बस रोकी और चालक से इस तरह वाहन चलाने का कारण पूछने के लिए नीचे उतरे।
बहस के बाद ड्राइवर पर चढ़ा दी थार
प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के अनुसार, जैसे ही बस ड्राइवर गुरुमुख नीचे उतरे, थार चालक उनसे बहस करने लगा। बहस के दौरान ही आरोपी ने आपा खो दिया और थार को सीधे गुरुमुख के ऊपर चढ़ा दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरुमुख थार के नीचे फंस गए और आरोपी उन्हें कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया।
भागने के चक्कर में दूसरी कार को भी मारी टक्कर
ड्राइवर को कुचलने के बाद आरोपी थार चालक मौके से फरार होने लगा। हड़बड़ी में भागते समय उसने वहां मौजूद लक्सर निवासी प्रिंस की मारुति सियाज कार में भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
घटना में गंभीर रूप से घायल बस चालक गुरुमुख को तत्काल स्वामी राम हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
पुलिस का बयान: रायवाला के कोतवाल कमल कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी थार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान और तलाश में जुट गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

