देहरादून: राजधानी देहरादून में एक शराब कारोबारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आबकारी विभाग ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए तमाम आरोपों का जवाब दिया है। विभाग पर उठ रहे पक्षपात और गलत कार्रवाई के दावों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह निराधार बताया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए आबकारी इंस्पेक्टर प्रेरणा बिष्ट ने स्पष्ट किया कि संबंधित शराब दुकान का निरीक्षण और जांच पूरी तरह से तय नियमों के तहत की गई थी। जांच प्रक्रिया के दौरान संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने और सुनवाई का पूरा अवसर दिया गया। दस्तावेजों, सबूतों और तथ्यों की गहन समीक्षा के बाद ही नियमानुसार दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई।
आबकारी विभाग के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप थी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो केवल विभागीय कार्रवाई के बाद की एक प्रतिक्रिया मात्र है। विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि जिले में आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है और नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

