




ऋषिकेश: पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य में ऋषिकेश से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर रहे शिव भक्तों (कांवड़ियों) का ऋषिकेश के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उन्हें फल एवं अल्पाहार वितरित किए।
विधायक अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए कहा कि देश के कोने-कोने से आने वाले भक्त ऋषिकेश की इस पावन भूमि से मां गंगा का पवित्र जल भरकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए प्रस्थान करते हैं। उन्होंने कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, आस्था और भक्ति का एक अलौकिक संगम बताया।
इस दौरान प्रेमचंद अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं को श्रावण मास की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और भगवान शिव से समस्त विश्व की शांति, सुख-समृद्धि तथा जन-कल्याण की प्रार्थना की।

