




देहरादून। सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाकर रातों-रात वायरल होने का खुमार कुछ युवकों को भारी पड़ गया। देहरादून के थाना बसंत विहार क्षेत्र अंतर्गत जीएमएस रोड पर वाहन की खिड़कियों और छत पर सवार होकर हुड़दंग मचाने वाले 8 युवकों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी वैधानिक कार्रवाई की है। साथ ही पुलिस ने मामले में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया है।
क्या है पूरा मामला? दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में कुछ युवक बल्लीवाला क्षेत्र के पास जीएमएस रोड पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे थे। युवक थार रॉक्स और एक अन्य वाहन की खिड़कियों तथा छत पर बाहर निकलकर रैली/जुलूस निकाल रहे थे। युवकों का यह खतरनाक स्टंट न केवल उनके अपने जीवन के लिए जानलेवा था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ था।
एसएसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने थानाध्यक्ष बसंत विहार को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बसंत विहार पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए वीडियो की पड़ताल की और उसमें दिख रहे वाहनों व युवकों की पहचान की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल सभी 08 युवकों को चिन्हित कर वाहन सहित थाने पहुंचाया। पुलिस ने नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए सभी युवकों को भविष्य में इस तरह की लापरवाही न दोहराने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की सख्त चेतावनी दी। इसके साथ ही संबंधित वाहन को मोटर वाहन (एमवी) एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।
देहरादून पुलिस की आमजन से अपील
मामले की जानकारी देते हुए देहरादून पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि स्टंटबाजी या यातायात नियमों का उल्लंघन कर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ दून पुलिस की कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

