




देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों के क्रम में दून पुलिस लगातार जनसेवा और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरा रही है। इसी कड़ी में थाना वसंत विहार पुलिस टीम ने क्षेत्र में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों (सीनियर सिटीजन्स) के घर-घर जाकर उनसे मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना।

पुलिस टीम ने बुजुर्गों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। मुलाकात के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी (OTP) शेयरिंग और साइबर फ्रॉड के नए-नए तरीकों से सतर्क रहने की हिदायत दी।

आपातकालीन सेवाओं और हेल्पलाइनों की दी गई जानकारी
दून पुलिस ने बुजुर्गों को उत्तराखंड पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी सेवाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, उन्हें आश्वस्त किया गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या आपात स्थिति में वे बिना किसी झिझक के तुरंत पुलिस को सूचित कर सकते हैं।

सुरक्षा का दिलाया अहसास पुलिस अधिकारियों ने सीनियर सिटीजन्स को भरोसा दिलाया कि दून पुलिस हर कदम पर उनके साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षा व सहायता के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस के इस मानवीय दृष्टिकोण और पहल की स्थानीय बुजुर्गों ने दिल से सराहना की तथा एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में किए जा रहे इन कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

