




देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुए आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एक्शन मोड में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
कार से पीछा कर सेंट ज्यूड्स चौक पर मारी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत आई०टी०एस० कॉलेज रोड से हुई, जहां दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। इसके बाद एक गुट ने दूसरे गुट का पीछा किया और सेंट ज्यूड्स चौक के समीप दोबारा दुस्साहस दिखाते हुए गोली चला दी। इस गोलीबारी में साहिल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद घायल साहिल को उपचार के लिए महंत इन्द्रेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार साहिल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने की नाकाबंदी, नया गांव बैरियर से मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। घटना की जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि वारदात के फौरन बाद पूरे जनपद और सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान और नाकाबंदी लागू की गई।
इसी दौरान नया गांव बैरियर पर संदिग्ध स्विफ्ट कार को चेकिंग के लिए रोका गया। कार सवार अभियुक्त रोहित को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान कार में मौजूद कुछ अन्य आरोपी मौका पाकर पास के जंगल की ओर भाग निकले।
फरार आरोपियों की तलाश में कॉम्बिंग जारी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा जंगल और आसपास के इलाकों में सघन कॉम्बिंग व सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

