




देहरादून। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देहरादून की पुलिस लाइन स्थित मंदिर में भक्तिमय वातावरण के बीच कान्हा जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून, श्री प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने सपरिवार मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लिया।

कार्यक्रम में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों ने शिरकत कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना के उपरांत सामूहिक आरती का आयोजन हुआ, जिसके बाद उपस्थित सभी लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस शुभ अवसर पर एसएसपी दून ने पुलिस परिवार और समस्त जनपदवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेते हुए हम सभी को समाज में शांति, प्रेम, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना चाहिए।
समारोह में पुलिस अधीक्षक (क्राइम/यातायात), पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (देहात) सहित जनपद के तमाम अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

