




हरिद्वार: आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए बड़ा अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में, 29 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों ने रेस्टोरेंट, ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स और मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे।

मैकडॉनल्ड्स पर गिरी गाज, मीट और आइसक्रीम की बिक्री पर रोक
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा पेंटागन मॉल स्थित मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में बदबूदार, खराब और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त कटे हुए प्याज का उपयोग बर्गर आदि बनाने में करते हुए पाया गया। इसके अलावा, टोरटिला रैप के लेबल से निर्माण व एक्सपायरी तिथि मिटाई गई थी। रेस्टोरेंट में नया नॉमिनी बदलने के बावजूद लाइसेंस में बदलाव न कराने और लाइसेंस में ‘मीट एवं मीट प्रॉडक्ट’ तथा ‘आइसक्रीम एवं डेजर्ट’ की कैटेगरी दर्ज न होने पर अधिकारी ने मौके पर ही मीट प्रॉडक्ट, आइसक्रीम और डेजर्ट के निर्माण और बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी। साथ ही रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति की गई है। वहां से बटर स्कॉच चॉको डिप और कोटेड क्रिस्पीज के 2 नमूने जांच के लिए लिए गए।

इंस्टाकार्ट और देशी घी निर्माता कंपनी को नोटिस
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र (आर्यनगर एवं ज्वालापुर) में कार्रवाई की। आर्यनगर स्थित फ्लिपकार्ट के ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाकार्ट’ के निरीक्षण में कर्मचारियों के मेडिकल, वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और स्टॉक संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले, साथ ही खाद्य सामग्री का रखरखाव मानकों के अनुसार नहीं पाया गया। इस पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। इसके अतिरिक्त पटियाला (पंजाब) की एक देशी घी निर्माता कंपनी को भ्रामक दावों के संबंध में नोटिस भेजा गया। यहां से देशी घी, भुना चना और दाल का 1-1 नमूना लिया गया।
पिरान कलियर और रुड़की में भी सैंपलिंग उर्स मेले के दृष्टिगत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने पिरान कलियर में निरीक्षण कर इलायची दाना, सोहन हलवा, सोया रिफाइंड तेल और हल्दी पाउडर के कुल 04 नमूने लिए।
वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पाण्डेय ने रुड़की शहर की मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंटों की जांच की, जहां से बेसन लड्डू, चॉकलेट बर्फी और चॉकलेट टॉफी के नमूने लिए गए। निरीक्षण की भनक लगते ही पुरानी तहसील और मुख्य बाजार की कई दुकानें बंद होने लगीं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

