




लक्सर (हरिद्वार)। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में खून का काला कारोबार करने वाले एक गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली लक्सर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर भोले-भाले ग्रामीण इलाकों के लोगों से रक्त एकत्र करने और उसे ऊंचे दामों पर अन्य राज्यों में बेचने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, मेडिकल उपकरण और दो लग्जरी वाहन बरामद किए गए हैं।

ऐसे करते थे खेल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लक्सर क्षेत्र के गांव-देहात इलाकों में कुछ लोग अवैध रूप से ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रहे हैं। ये लोग लोगों को गुमराह कर उनका खून एकत्रित करते थे और उसे किसी अधिकृत ब्लड बैंक में जमा कराने के बजाय दूसरे राज्यों में ऊंचे दामों पर बेच देते थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध वाहनों—स्विफ्ट (UK-08-BL-3257) और स्कॉर्पियो एन (UP-20-CD-8085) को रोककर तलाशी ली गई।
बरामदगी और आरोपी स्विफ्ट कार की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट संग्रहित रक्त, 27 खाली ब्लड बैग और रक्त संग्रह उपकरण मिले। वहीं स्कॉर्पियो कार से 04 डोनर चेयर, बीपी व एचबी मशीन, डोनर फॉर्म बुक, ‘अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर’ के 28 प्रमाणपत्र, वेट मशीन और अन्य मेडिकल सामान बरामद किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनित सैनी (लक्सर, हरिद्वार), शुभम कुमार (खानपुर, हरिद्वार), दुष्यन्त कुमार (बिजनौर, यूपी), कावेन्द्र कुमार (मुरादाबाद, यूपी) और दया सिंह (सम्भल, यूपी) के रूप में हुई है।
सख्त कानूनी कार्रवाई मामले में कोतवाली लक्सर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(1) तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18(सी) व 27 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
“रक्तदान जैसे पवित्र और जीवन रक्षक कार्य की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— एसएसपी, हरिद्वार

